सलेमपुर संपूर्ण समाधान दिवस में 111 शिकायतें, 15 का मौके पर निस्तारण

देवरिया। तहसील सलेमपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक फरियादी से सीधे संवाद करते हुए शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 111 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें निस्तारण योग्य 15 प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कराया गया। वहीं जिन मामलों में जांच अथवा मौके पर निरीक्षण की आवश्यकता थी, उन्हें संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को कार्यों में तत्परता बरतने के निर्देश देते हुए धारा 34, 24 और 116 से संबंधित लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जमीन और बंटवारे से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं

ग्राम तकिया धरहरा निवासी प्रदीप कुमार सिंह ने धारा 24 के आदेश के बावजूद जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्राम बलिया दक्षिण निवासी विजय कुमार यादव ने मकान के बंटवारे से संबंधित प्रकरण रखा। वहीं ग्राम परसिया भगौती निवासी निसार अहमद अंसारी ने बंटवारे के मामले में कथित जालसाजी की शिकायत की। जिलाधिकारी ने तीनों प्रकरणों में उप जिलाधिकारी सलेमपुर को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निस्तारण के निर्देश दिए।

ग्राम मझौली राज नगर निकाय निवासी राम सखी देवी ने चकमार्ग को कब्जामुक्त कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए अधिशासी अधिकारी नगर निकाय मझौली राज को निर्देशित किया।

नगर निकाय सलेमपुर निवासी राधिका देवी ने आयुष्मान कार्ड और पेंशन से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को पात्रता के अनुसार लाभार्थी को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारी रहे मौजूद

समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसके सिन्हा, उप जिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी, तहसीलदार सुशील कुमार राजपूत, नायब तहसीलदार रविंद्र मौर्य, हरिप्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, उप संचालक चकबंदी पवन कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles