लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्तों की अदला-बदली की गई है, जबकि भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा औद्योगिक विकास, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्त बदले
तबादला सूची के अनुसार के. विजयेंद्र पांडियन को कानपुर से स्थानांतरित कर वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छह जिलों को मिले नए जिलाधिकारी
प्रशासनिक फेरबदल में छह जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। अनिल कुमार सिंह को भदोही, शैलेश कुमार को चंदौली, रमेश रंजन को गोंडा, उमेश मिश्रा को जौनपुर, मनोज कुमार राय को श्रावस्ती और प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं, चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में तैनात किया गया है।
औद्योगिक विकास विभाग में भी बदलाव
रवि कुमार एनजी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग में आयुक्त एवं निदेशक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। वहीं, श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम सहित विभिन्न कताई एवं यार्न कंपनियों का अतिरिक्त प्रभार और उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
चार पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले
आईएएस अधिकारियों के साथ चार पीसीएस अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है। इनमें रेणुका दीक्षित, डॉ. विश्वभूषण मिश्र, अभिनव पाठक और सौम्य मिश्रा शामिल हैं। इन्हें अलग-अलग प्रशासनिक पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल से मंडल, जिला और औद्योगिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती हुई है।

