निरंकार टुडे डेस्क:
हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। शिमला पुलिस ने गांधी परिवार को लेकर की गई विवादित टिप्पणियों के मामले में कंगना के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
शिमला के पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कंगना रनौत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:
- धारा 196: विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता या दुश्मनी को बढ़ावा देना।
- धारा 353: सार्वजनिक उपद्रव या भ्रम फैलाने वाले बयान देना।
- धारा 356: मानहानि (Defamation)।
क्या है पूरा विवाद और शिकायत में क्या कहा गया?
शिकायतकर्ता कैप्टन अतुल शर्मा ने गुरुवार रात ईमेल के जरिए हिमाचल के पुलिस महानिदेशक (DGP) को शिकायत भेजी थी, जिसकी प्रतियां सीआईडी और साइबर क्राइम विंग को भी दी गईं।
शिकायत के अनुसार, कंगना रनौत ने 10 नवंबर को अपने वेरिफाइड ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से गांधी परिवार के एक पुराने वीडियो के साथ कई विवादित पोस्ट साझा किए थे। आरोप है कि इन पोस्ट्स में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए भड़काऊ बातें लिखी गई थीं।
इसके अलावा, पोस्ट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के लिए “रहस्यमयी विदेशी नागरिक” जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए तंज कसा गया था और संजय गांधी के निधन के बाद मेनका गांधी को अचानक ससुराल से बाहर निकाले जाने का भी दावा किया गया था।
साइबर फॉरेंसिक जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने इसे राजनीतिक असहमति की सीमा से बाहर जाकर समाज में वैमनस्य फैलाने वाला कदम बताया है और समयबद्ध व निष्पक्ष साइबर-फॉरेंसिक जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले पर अभी तक सांसद कंगना रनौत की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

