सलेमपुर/देवरिया। गौरी बाजार विकासखंड के पथरहट में न्याय पंचायत स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी गौरी बाजार विनयशील मिश्र, विशिष्ट अतिथि जिला उपाध्यक्ष तैराकी संघ देवरिया अरविंद गुप्ता, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा ज्ञानेंद्र सिंह और शशिप्रभा यादव ने मां सरस्वती के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण कर तथा ध्वजारोहण के साथ किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी विनयशील मिश्र ने खेल अधिकारियों को कैप पहनाकर सम्मानित किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। लंबी कूद के प्राथमिक संवर्ग में उभांव के कृष्णा यादव ने प्रथम और पथरहट के रवि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक बालक वर्ग की कबड्डी में पथरहट-1 की टीम विजेता और पथरहट-2 की टीम उपविजेता रही। वहीं, प्राथमिक बालिका वर्ग की कबड्डी में पथरहट-2 ने जीत दर्ज की, जबकि पथरहट-1 उपविजेता रही। जूनियर बालक वर्ग की कबड्डी में पथरहट की टीम विजेता बनी।
200 मीटर दौड़ के जूनियर बालक वर्ग में अनूप (उभांव) और दीपक (नागरौली) ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, प्राथमिक बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में अनीता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मंच संचालन की हुई सराहना
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन अनुदेशक सत्यप्रकाश शर्मा ने किया। उनके कुशल संचालन और खेल भावना से जुड़े वक्तव्यों की अतिथियों एवं शिक्षकों ने सराहना की। प्रतियोगिता के दौरान अनुदेशक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अम्बरीश राय सहित राघवेंद्र पाण्डेय, प्रमोद सिंह, प्रहर्ष श्रीनेत, विजय त्रिपाठी, चारुल गुप्ता, रश्मि श्रीवास्तव, सुधाकर मिश्र, ब्रजेश सिंह, रतीश मोहन सिंह, बीपीएन सिंह, सत्येंद्र, शहाबुद्दीन, दीनानाथ मौर्य, सत्यम द्विवेदी और रमेश प्रजापति समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, अनुदेशक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

