पनवाड़ी। राजकीय बीज गोदाम पनवाड़ी में मिनी किट प्राप्त करने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। गोदाम खुलने का समय सुबह 10 बजे निर्धारित है, लेकिन बीज मिलने की उम्मीद में किसान सुबह सात बजे से ही लाइन में लगना शुरू कर देते हैं। घंटों इंतजार और मशक्कत के बाद भी कई किसानों को शाम तक बीज नहीं मिल पाता और उन्हें मायूस होकर घर लौटना पड़ रहा है।
व्यवस्थाओं को लेकर उठाए सवाल
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला मीडिया प्रभारी वेद प्रकाश नायक ने राजकीय बीज गोदाम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। गोदाम परिसर में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है। परिसर में लगे हैंडपंप के आसपास गंदा पानी जमा होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिव्यांग, महिला और बुजुर्ग किसानों के लिए अलग काउंटर की मांग
वेद प्रकाश नायक ने कहा कि दिव्यांग, महिला और बुजुर्ग किसानों के लिए अलग खिड़की या काउंटर की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उन्हें भी घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता है, जिससे विशेष परेशानी हो रही है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मिनी किट के लिए चयनित लाभार्थी किसानों की सूची किसान सहायकों के माध्यम से गांवों के सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कराई जाए। साथ ही सूची का प्रकाशन क्षेत्रीय समाचार पत्रों में कराया जाए, ताकि किसानों को पहले से जानकारी मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से घंटों लाइन में न लगना पड़े।
किसान संगठनों को भी उपलब्ध कराई जाए सूची
जिला मीडिया प्रभारी ने कहा कि जिले में सक्रिय किसान संगठनों और किसान यूनियनों को भी चयनित लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इससे संगठन गांव-गांव किसानों तक सूचना पहुंचा सकेंगे और किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत धैर्यपूर्वक बीज प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने प्रशासन से राजकीय बीज गोदाम पर स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान तथा दिव्यांग, महिला और बुजुर्ग किसानों के लिए अलग व्यवस्था कराने की मांग की है।

