निरंकार टुडे-पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कहा है कि वह छठ महापर्व के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर खरना का प्रसाद लेने जाएंगी। सिंगापुर से पटना पहुंचीं रोहिणी ने नीतीश कुमार को अपना ‘चाचा’ बताते हुए कहा कि उनके यहां छठ हो रहा है तो वह जरूर जाएंगी।
रोहिणी आचार्य इन दिनों पटना में सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय हैं। छठ को लेकर बातचीत में उन्होंने कहा कि जिनके घर उनके पिता लालू प्रसाद यादव जाएंगे, वहां जाने का उनका भी कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि सिंगापुर में रहते हुए भी वह छठ पूजा करती रही हैं।
उन्होंने छठ को बिहार की संस्कृति और आस्था से जुड़ा महापर्व बताया। रोहिणी ने कहा कि यह पर्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता और शुद्धता का संदेश भी देता है। लोगों को छठ के दौरान बाहरी सफाई के साथ अपने विचारों को भी स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए।
रोहिणी आचार्य ने बताया कि स्वास्थ्य कारणों से उनकी मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी इस बार छठ पूजा नहीं कर रही हैं, हालांकि परिवार और अन्य लोग पूजा में शामिल हैं। उन्होंने बच्चियों की सुरक्षा पर भी चिंता जताई और समाज से उनके प्रति सम्मानजनक सोच रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि छठ में औपचारिक निमंत्रण की जरूरत नहीं होती। आस्था और विश्वास के इस पर्व में लोग स्वेच्छा से शामिल होते हैं।

