बाराबंकी | निरंकार टुडे ब्यूरो:
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद हृदय विदारक घटना सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चियों में दो जुड़वा बहनें भी शामिल हैं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।
पति बड़ी बेटी के साथ गए थे बाजार, तभी हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना नगर कोतवाली की जेल पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित गांधीनगर मोहल्ले के पास जमुरिया नाला की बड़ी रेलवे लाइन पर शुक्रवार शाम को हुई। मूल रूप से बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र के बिकौलिया गांव निवासी रामतेज पाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। वे वर्तमान में अपने परिवार के साथ बाराबंकी के गांधीनगर मोहल्ले में होली बाबा मंदिर के पास रहते हैं।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम रामतेज पाल अपनी 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया के साथ किसी काम से बाजार गए हुए थे। इसी दौरान घर पर मौजूद उनकी पत्नी किरन देवी पाल (39) अपनी तीन छोटी बेटियों—7 वर्षीय जुड़वा बहनें कनिष्का व अनुष्का और 5 वर्षीय काव्या—को लेकर रेलवे ट्रैक की ओर पहुंच गईं। वहां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बीमारी और मानसिक तनाव से जूझ रही थी महिला
हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शिनाख्त के बाद सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की जानकारी देते हुए सीओ नगर आफताब आलम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका किरन देवी लंबे समय से किसी बीमारी और शारीरिक कमजोरी से ग्रसित थीं। इस वजह से वे काफी मानसिक तनाव में रहती थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी बीमारी और अवसाद के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
इस दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई जल्द पूरी कर शवों को परिजनों के सुपुर्द किया जाए और इस कठिन समय में पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर आवश्यक सरकारी सहायता प्रदान की जाए।

