बुलंदशहर। खानपुर स्थित सरकारी अस्पताल में मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखे जाने, चिकित्सक की सीमित उपलब्धता और प्रसूताओं से महिला स्टाफ द्वारा कथित अवैध वसूली समेत विभिन्न शिकायतों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रतिनिधिमंडल ने जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में कथित अनियमितताओं और मरीजों को हो रही परेशानियों से संबंधित शिकायतें अधिकारी के सामने रखीं। संगठन की ओर से अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता और स्टाफ के व्यवहार की जांच कराने की मांग की गई।
जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने प्रतिनिधिमंडल को चिकित्सक की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने, स्टाफ से संबंधित शिकायतों की जांच कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भाकियू अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष ठाकुर शैलेंद्र आर्य ने कहा कि किसानों और आम जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो एक अक्टूबर को तहसील स्याना में पंचायत आयोजित की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में खानपुर नगर अध्यक्ष सावेज खान, मोहम्मद कैफ, फूल मियां, इकबाल खान, नसीम, अनीश समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

