कदौरा। कस्बा और क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंदिरों और घरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। विभिन्न स्थानों पर भजन-कीर्तन, धार्मिक कार्यक्रम और श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठे।
अभिरुवा में सजा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर:
कदौरा क्षेत्र के ग्राम अभिरुवा स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांव के युवाओं ने मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और अन्य सजावटी सामग्री से सजाया। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और जयकारे लगाए। जन्मोत्सव के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
कदौरा थाना परिसर में हुआ जवाबी कीर्तन:
कदौरा थाना परिसर स्थित मंदिर में पुलिस जवानों द्वारा भी जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष सजावट की गई। यहां आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने जवाबी कीर्तन प्रस्तुत किया। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और कृष्ण भक्ति के गीतों पर झूमते नजर आए।
राम-जानकी मंदिर में भी रही भक्ति की धूम:
ग्राम अभिरुवा स्थित राम-जानकी मंदिर में भी जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। शाम होते ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में रंग गया। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़े विभिन्न भजन और कीर्तन प्रस्तुत किए, जिनका ग्रामीणों ने खूब आनंद लिया।
जन्माष्टमी को लेकर शुक्रवार सुबह से ही गांव के युवाओं में खासा उत्साह रहा। युवाओं ने मेहनत और लगन के साथ मंदिर परिसरों को सजाया तथा आकर्षक विद्युत रोशनी की व्यवस्था की। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म के समय मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान के जन्म के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु, युवा और क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में देर रात तक “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

