कदौरा। कदौरा क्षेत्र के ग्राम अभिरुवा स्थित मां गायत्री सेवा समिति कोचिंग सेंटर में शनिवार को शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के डायरेक्टर एवं प्रधानाचार्य ओम नारायण तथा समस्त स्टाफ ने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां मनाई गईं।
इस अवसर पर मां गायत्री सेवा समिति के सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं को उनकी सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संस्था के डायरेक्टर एवं प्रधानाचार्य ओम नारायण ने शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया। सम्मान पाकर शिक्षकों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओम नारायण ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे समाज के निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक समाज के निर्माता और राष्ट्र के वास्तविक पथ प्रदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक उस दीपक के समान हैं, जो स्वयं प्रकाशमान रहकर दूसरों के जीवन में ज्ञान का उजाला फैलाते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य को संवारने में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम का सफल आयोजन मां गायत्री सेवा समिति कोचिंग सेंटर के समस्त स्टाफ की देखरेख में किया गया। इस दौरान संस्था परिसर में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा। सभी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों को याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।

