रुपईडीहा। आदर्श थाना कोतवाली रुपईडीहा परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजन समिति के प्रमुख एवं थाना प्रभारी (S.O.) रुपईडीहा श्री हरेंद्र कुमार मिश्रा के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल के जवान, पत्रकार, ग्राम प्रधान और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं रुपईडीहा नगर अध्यक्ष श्री संदीप जायसवाल, डॉ. उमाशंकर वैश्य, पूर्व थाना प्रभारी श्री रमेश सिंह रावत, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, नानपारा नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल वाहिद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों की भी सहभागिता रही।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रुपईडीहा नगर की माताएं-बहनें, बुजुर्ग, युवा और नन्हे-मुन्ने बच्चे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। थाना क्षेत्र के आसपास स्थित विभिन्न गांवों से भी श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे। एसडीएम नानपारा की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम में कई ग्राम सभाओं के प्रधानों के साथ स्थानीय पत्रकार साथी भी मौजूद रहे। थाना परिसर में आने वाले अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के लिए जलपान और खानपान की समुचित व्यवस्था की गई थी।
पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। आयोजन में पुलिस प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को यादगार बना दिया।

