कानपुर नगर/घाटमपुर। घाटमपुर क्षेत्र के लेना बाजार में शुक्रवार को एक दुकान के सामने लंबे समय से लगा सीमेंट की चादरों से बना शेड अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में शेड के नीचे दबकर तीन लोग घायल हो गए।
बताया गया कि बाजार में लोगों की आवाजाही के दौरान अचानक शेड गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे की चपेट में आने से गौरा गांव निवासी सेवाराम (65), टडवारा गांव निवासी निधि (17) और इछौली गांव निवासी विटामिन (60), पत्नी गजराज दब गए।
शेड गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला गया।
इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाटमपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
हादसे के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने बाजार में लंबे समय से लगे पुराने और जर्जर शेडों की स्थिति की जांच कराए जाने की मांग की है।

