पीलीभीत। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों की दो ग्राम पंचायतों में उचित दर विक्रेता के चयन के लिए ग्राम सभा की खुली बैठक आयोजित की जाएगी। इसके लिए 17 अक्टूबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।
विकासखंड ललौरीखेड़ा की ग्राम पंचायत भानडांडी में उचित दर विक्रेता के पद के लिए पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण निर्धारित किया गया है। यहां खंड विकास अधिकारी ललौरीखेड़ा को नामित अधिकारी बनाया गया है।
वहीं, विकासखंड अमरिया की ग्राम पंचायत सद्दरपुर में उचित दर विक्रेता का पद अनारक्षित रखा गया है। यहां खंड विकास अधिकारी अमरिया को पर्यवेक्षण अधिकारी नामित किया गया है।
स्वयं सहायता समूह को पहली वरीयता
खुली बैठक में उचित दर विक्रेता के चयन के दौरान स्वयं सहायता समूह को प्रथम वरीयता प्रदान की जाएगी। चयन संबंधी प्रस्ताव पारित होने के बाद इसकी सूचना जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी।
वीडियोग्राफी के साथ होगी बैठक
संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को बैठक की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खंड विकास अधिकारियों को पुलिस बल की मौजूदगी में बैठक कराने को कहा गया है, ताकि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
अधिक जानकारी के लिए जिला पूर्ति कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

