जिला पंचायत अध्यक्ष ने जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी, डेंगू-मलेरिया से बचाव को लेकर लोगों को किया जागरूक
संतकबीरनगर। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कलक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला अस्पताल पहुंची।
रैली के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया समेत अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने तथा मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण उपाय हैं। उन्होंने लोगों से अभियान में सहयोग करने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।
मुख्य चिकित्साधिकारी रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान पूरे अक्टूबर माह तक चलेगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को साफ-सफाई, मच्छरों से बचाव, जलभराव रोकने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने के प्रति जागरूक करेंगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास पानी एकत्र न होने दें और बुखार सहित बीमारी के किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और उपचार से बीमारी के गंभीर प्रभावों से बचा जा सकता है।

