संतकबीरनगर में युवक अपहरण का खुलासा, सांसद के पीए समेत चार गिरफ्तार; विशाल सकुशल बरामद

संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र में सांसद के घर ले जाने के बहाने युवक विशाल कुमार को ले जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विशाल कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के पीए धर्मेंद्र यादव समेत विश्वकेतु यादव, अशोक यादव और जितेंद्र यादव शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार, 42,620 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। कार की तलाशी के दौरान विशाल कुमार के हस्ताक्षरयुक्त व फोटोयुक्त शपथ पत्र, आवेदन पत्र और आधार कार्ड समेत कुल 15 दस्तावेज भी मिले।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सोमवार को पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। मामले में बखिरा थाने में मुकदमा दर्ज कर विशाल की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे विश्वकेतु यादव ने विशाल को फोन कर सांसद के घर चलने के लिए बुलाया था। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया तो विशाल ने अपने साथ लोगों के होने की जानकारी दी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर उसके भाई ओमप्रकाश कुमार ने पुलिस को सूचना दी और अपहरण की आशंका जताई।

इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर 21 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे कांटे के पास खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रही अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली। कार से विशाल कुमार को सकुशल बरामद करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की ओर से बताया गया कि गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई 24 घंटे के भीतर की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी विश्वकेतु यादव ने बताया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद विशाल की शिकायत पर उसके और सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने विशाल को सांसद के यहां ले जाकर नोटरी शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराए। इसके बाद उसे अयोध्या ले जाया जा रहा था। आरोपी के कथित बयान के अनुसार वहां उसकी हत्या करने की योजना थी। हालांकि इस संबंध में आगे की कार्रवाई विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वकेतु यादव निवासी कदमा, धर्मेंद्र यादव निवासी बभनी, अशोक यादव निवासी परसोहिया और जितेंद्र यादव निवासी हरिबंशपुर, थाना कप्तानगंज, जिला बस्ती के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक ने मामले के शीघ्र खुलासे और युवक की सकुशल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles