संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के स्टेशनपुरवा में शुक्रवार देर रात दुकान पर सामान खरीदने और रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 58 वर्षीय चिरंजीवी जायसवाल की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सामान के रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति स्टेशनपुरवा के पास स्थित होटल पर सामान खरीदने पहुंचा था। होटल पर सामान उपलब्ध नहीं होने पर होटल मालिक ने उसे बगल की दुकान पर भेज दिया। आरोप है कि व्यक्ति दुकान से सामान लेकर बिना रुपये दिए चला गया। इसी बात को लेकर होटल मालिक और दुकानदार के बीच विवाद शुरू हो गया।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे थे चिरंजीवी
देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान चिरंजीवी जायसवाल बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन वह भी मारपीट की चपेट में आ गए। इसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर खलीलाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चिरंजीवी जायसवाल की मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

