रेणुकूट, सोनभद्र। रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतर्राष्ट्रीय ताईक्वानडो खिलाड़ी रवि सिंह ने सीबीएसई नेशनल ताईक्वानडो चैंपियनशिप-2026 में नेशनल रेफरी की भूमिका निभाकर सोनभद्र का नाम रोशन किया।
हरियाणा के पानीपत स्थित बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल, जटल में 19 से 24 सितंबर 2026 तक आयोजित सीबीएसई नेशनल ताईक्वानडो चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान रवि सिंह ने निष्ठा, निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना के साथ नेशनल रेफरी की जिम्मेदारी निभाई और मुकाबलों के निष्पक्ष संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मंच पर सम्मानित हुए रवि सिंह
चैंपियनशिप के सफल आयोजन एवं समापन में ऑब्जर्वर शिव कुमार, पंजाब पुलिस के हेड कोच एवं महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिव कुमार एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शिव कुमार ने मंच पर नेशनल रेफरी रवि सिंह को सम्मानित करते हुए उनके निर्णायक कार्य की सराहना की। इसी अवसर पर डॉ. जोसेफ लिम, चेयरमैन, 9 डैन कुक्कीवोन इंडिया नॉर्थ ब्रांच एवं सीनियर एडवाइजर, कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया ने भी रवि सिंह से हाथ मिलाकर उन्हें सम्मानित किया।
दो प्रतिष्ठित खेल हस्तियों से मिले सम्मान को रवि सिंह ने अपने लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण बताया।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
चैंपियनशिप के सफल संचालन में सीबीएसई स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर निखिल हंस, सीबीएसई नेशनल ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी रवि कादयान और टूर्नामेंट डायरेक्टर सौरभ शर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रवि सिंह ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच हरप्रीत सिंह और राकेश कुमार को दिया। गौरतलब है कि रवि सिंह विश्व क्वान की डो चैंपियनशिप में भारत के लिए रजत पदक जीत चुके हैं और कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह एनआईएस कोच, नेशनल रेफरी और 4 डैन ब्लैक बेल्ट हैं।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नेशनल रेफरी की जिम्मेदारी निभाना उनके खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
रवि सिंह की इस उपलब्धि पर हिण्डालको रेणुकूट, सोनभद्र सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

