लार क्षेत्र में एक सप्ताह से बंद हैं कई जन सेवा केंद्रों की आईडी, छात्र और किसान परेशान

लार, देवरिया। लार क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कई जन सेवा केंद्रों (CSC) की आईडी पिछले करीब एक सप्ताह से बंद होने के कारण सरकारी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हैं। इससे छात्र-छात्राओं, किसानों और आम लोगों को जरूरी कार्य कराने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग जन सेवा केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन आईडी बंद होने के कारण उन्हें बिना काम कराए वापस लौटना पड़ रहा है।

छात्रवृत्ति आवेदन को लेकर बढ़ी चिंता

सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं को हो रही है। छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण विद्यार्थी आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

अर्चना, मनीष, विवेक, सन्नी, विनय, शिवम, अकरम, आलम और मुन्ना समेत कई छात्रों ने बताया कि समय पर प्रमाण पत्र नहीं बन पाए तो उनके छात्रवृत्ति आवेदन प्रभावित हो सकते हैं। विद्यार्थियों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द CSC आईडी चालू कराने की मांग की है।

किसानों को भी ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने में दिक्कत

CSC आईडी बंद होने से किसानों को भी पीएम किसान सम्मान निधि की ई-केवाईसी समेत अन्य ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। किसान जन सेवा केंद्रों पर पहुंचने के बाद आईडी बंद होने की जानकारी मिलने पर बिना काम कराए वापस लौटने को मजबूर हैं।

फिजिकल वेरिफिकेशन के कारण बंद होने की बात

जन सेवा केंद्र संचालकों के अनुसार, CSC आईडी को जिला या प्रदेश कार्यालय स्तर से फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए बंद किया गया है। संचालकों का कहना है कि सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार हैं, लेकिन जिले की टीम द्वारा एक दिन में केवल एक ब्लॉक का सत्यापन किए जाने के कारण प्रक्रिया में समय लग रहा है।

CSC आईडी बंद होने से जहां आम लोगों की सरकारी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, वहीं जन सेवा केंद्र संचालकों को भी आर्थिक और व्यावसायिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्र के लोगों ने संबंधित अधिकारियों से फिजिकल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर CSC आईडी चालू कराने की मांग की है, ताकि छात्रवृत्ति आवेदन सहित अन्य जरूरी ऑनलाइन सेवाओं का लाभ समय से मिल सके।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles