नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का हुआ शुभारंभ, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

लहरपुर, सीतापुर। विकास खंड लहरपुर की ग्राम पंचायत खानपुर मोहद्दीनपुर गुलरीपुरा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, लाभार्थियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख उमा शंकर वर्मा मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में खंड विकास अधिकारी प्रदीप कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी लहरपुर सुमन लता और मुख्य सेविका अंशिका शामिल रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान प्रशासक अनीता वर्मा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। ग्राम पंचायत की ओर से प्रधान प्रतिनिधि रामराज, हेमराज, राम प्रकाश वर्मा एवं पूर्व प्रधान राम प्रकाश वर्मा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

गोद भराई और अन्नप्राशन रहा आकर्षण

उद्घाटन समारोह के दौरान महिला सशक्तिकरण और पोषण अभियान के तहत गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान तीन गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज से गोद भराई कर उन्हें पोषण पोटली प्रदान की गई। वहीं, छह माह की आयु पूरी कर चुके दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।

मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख उमा शंकर वर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि गांव के बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा कुपोषण को दूर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

खंड विकास अधिकारी प्रदीप कुमार ने ग्राम पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री राजेश्वरी देवी, ग्राम पंचायत की अन्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं, आशा कार्यकत्रियां, आंगनबाड़ी लाभार्थी, गर्भवती एवं धात्री महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles