संतकबीरनगर। बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी ने मंगलवार को संतकबीरनगर का दौरा किया। खलीलाबाद स्थित सर्किट हाउस में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की मौजूदगी में उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान डीआईजी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी संजीव त्यागी ने जिले में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए अपराधियों के खिलाफ प्रभावी एवं निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। गंभीर एवं अनसुलझे मामलों का शीघ्र खुलासा करने के साथ ही लंबित पीआई, अग्रिम विवेचना, विभागीय कार्यवाही, जांच और प्रारंभिक जांच को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए यक्ष ऐप का शत-प्रतिशत एवं सही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित, निष्पक्ष और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भविष्य में ऐसे विवादों के कारण किसी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
आगामी त्योहारों को देखते हुए डीआईजी ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फ्लैग मार्च कराने, पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

