देवरिया। ओमान के तट के पास भारत की ओर आ रहे मालवाहक जहाज एमवी केप दाओ (MV Cape Dao) पर बुधवार को हुए हमले में देवरिया के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरीबाजार थाना क्षेत्र के कर्मजीतपुर गांव निवासी सूरज यादव के रूप में हुई है। वह जहाज पर वाइपर के पद पर कार्यरत थे। भारतीय दूतावास, मस्कट ने एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है।
भारतीय दूतावास ने बताया कि वह ओमानी अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के संपर्क में है तथा मृतक के परिवार के साथ समन्वय कर रहा है। मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में भी सहयोग किया जा रहा है।
कर्मजीतपुर गांव के रहने वाले थे सूरज
फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने सूरज यादव की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी के रूप में की है। यूनियन के अनुसार सूरज जहाज पर वाइपर के पद पर तैनात थे। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक उनका परिवार गौरीबाजार क्षेत्र के कर्मजीतपुर गांव में रहता है।
हमले के बाद इंजन रूम में लगी आग
रिपोर्टों के अनुसार हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई। ओमान के अधिकारियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर जहाज से 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। भारतीय दूतावास के अनुसार जहाज पर भारतीय नागरिक भी सवार थे, जिनमें से 19 को सुरक्षित निकाला गया, जबकि एक भारतीय नागरिक की मौत हुई।
FSUI ने दावा किया है कि जहाज पर दो टॉरपीडो से हमला हुआ था। हालांकि, हमले के जिम्मेदार पक्ष की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कर्मजीतपुर गांव में शोक का माहौल है। परिवार और ग्रामीण सूरज के पार्थिव शरीर के भारत आने का इंतजार कर रहे हैं।

