अयोध्या, माधव सर्वोदय पीजी कॉलेज, रानी बाजार में आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-73 (CATC-73) के छठवें दिन कैडेटों को सैन्य तकनीक, प्राथमिक चिकित्सा, नैतिक मूल्यों और अनुशासन का प्रशिक्षण दिया गया। दिनभर चले विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में कैडेटों ने व्यावहारिक जानकारी हासिल की। शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट कर्नल ज्ञान प्रकाश पांडेय एवं डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल यू. एन. पांडेय के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कैंप एडजुटैंट मेजर के. पी. सिंह और सूबेदार मेजर बहादुर सिंह शिविर की गतिविधियों की देखरेख कर रहे हैं।
ड्रिल, पीटी और योगाभ्यास से हुई दिन की शुरुआत
शिविर के छठवें दिन की शुरुआत पीआई स्टाफ की ओर से आयोजित ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) और योगाभ्यास से हुई। इस दौरान कैडेटों को शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता और अनुशासित जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।
इसके बाद सैन्य प्रशिक्षण सत्र में ट्रेनिंग जेसीओ एक्स सूबेदार प्रभाकर सिंह ने प्रिजमैटिक कंपास की कार्यप्रणाली और उसके उपयोग की जानकारी दी। वहीं, सूबेदार नरेंद्र ने कैडेटों को विभिन्न प्रकार की बियरिंग निकालने तथा सर्विस प्रोटेक्टर के सही इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा का मिला प्रशिक्षण
कैडेटों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए आवश्यक जानकारी देने के उद्देश्य से मिलिट्री हॉस्पिटल, अयोध्या के रीजनल मेडिकल ऑफिसर ने प्राथमिक चिकित्सा और कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) पर विशेष व्याख्यान एवं प्रदर्शन किया। इस दौरान कैडेटों को आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपचार की भूमिका और जीवन रक्षक तकनीकों के महत्व के बारे में बताया गया।
1965, 1971 और कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं से हुए परिचित
शिविर के बौद्धिक सत्र में कैप्टन डॉ. एच. के. सिंह ने भारतीय सेना के शौर्य, साहस और बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्धों तथा कारगिल युद्ध से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, सैन्य रणनीतियों और वीर सैनिकों के योगदान के बारे में कैडेटों को जानकारी दी।
इसके साथ ही लेफ्टिनेंट जितेंद्र जायसवाल ने नैतिक मूल्यों, शिष्टाचार और अनुशासन पर कक्षाएं संचालित कीं। इन सत्रों के माध्यम से कैडेटों को जिम्मेदार नागरिक बनने और जीवन में अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
खेल गतिविधियों में कैडेटों ने दिखाया उत्साह
सायंकालीन सत्र में वॉलीबॉल, रस्साकसी और खो-खो जैसी खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और टीम भावना, आपसी सहयोग तथा खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
खेल गतिविधियों के सफल संचालन में सीटीओ प्रियंका सिंह, जीसीआई नीति सिंह, सूबेदार श्याम सेरा यादव, सूबेदार लोकेश कुमार, नायब सूबेदार नारायण दत्त, नायब सूबेदार रमेश चंद्र, हवलदार दिनेश कुमार, प्रमोद कुमार, आदर्श यादव, पी. के. तिवारी, सीएचएम रवींद्र कुमार तथा एक्स हवलदार राजेश कुमार और रवींद्र नाथ का विशेष योगदान रहा।
प्रशासनिक व्यवस्थाओं में कर्मचारियों का योगदान
शिविर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में प्रधान सहायक सुनील तिवारी, वरिष्ठ सहायक सूर्यकांत मिश्रा, राघव तिवारी, अकाउंटेंट संदीप श्रीवास्तव, अनिल कुमार यादव और डेटा एंट्री ऑपरेटर प्राची तिवारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
शिविर के छठवें दिन आयोजित विभिन्न गतिविधियों के दौरान कैंप परिसर में उत्साह, अनुशासन और सौहार्द का वातावरण बना रहा। सैन्य प्रशिक्षण, प्राथमिक चिकित्सा, ऐतिहासिक जानकारी और खेल गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।

