बैतालपुर, देवरिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड बैतालपुर की ग्राम पंचायत बेलडरिया में आयोजित पशु स्वास्थ्य शिविर का बुधवार को नोडल अधिकारी डॉ. राजेश त्रिपाठी, एडी-2, बस्ती मंडल ने निरीक्षण किया। जनपद में पशुपालन विभाग के टीकाकरण अभियान और गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं के स्थलीय निरीक्षण के लिए उन्हें नामित किया गया है। शिविर में 38 पशुपालकों का पंजीकरण कर उन्हें आवश्यक औषधियां वितरित की गईं।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी डॉ. राजेश त्रिपाठी ने पशुपालकों को विभागीय बुकलेट वितरित की। उन्होंने पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड और पशुधन बीमा सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
टीकाकरण अभियान की समीक्षा के दौरान पशुपालकों ने बताया कि उनके सभी पशुओं को टीका लगाया जा चुका है। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने पशुपालकों को बकरी पालन और बैकयार्ड पोल्ट्री योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इन योजनाओं के माध्यम से पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
शिविर में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिग्विजय यादव और पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी उपस्थित रहे। आयोजन में महेंद्र यादव, सुभाष चंद्र, राजकुमार यादव, धर्मेंद्र यादव और दुष्यंत तिवारी ने सहयोग किया।

