लार, देवरिया। नगर स्थित सेंट्रल बैंक के समीप कांग्रेस के कैंप कार्यालय पर मंगलवार देर शाम ब्लॉक अध्यक्ष वजीर अहमद की अध्यक्षता में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और गांव-गांव तक पार्टी की गतिविधियों को पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि कांग्रेस संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ, ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, मंडल और ब्लॉक स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बनाना प्राथमिकता है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बिजली आपूर्ति और महंगाई को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित है और महंगाई के कारण खाद्य पदार्थों के दाम बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर संवाद करना चाहिए।
जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत और सक्रिय होगा, जनता से जुड़े मुद्दों को उतनी ही प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
जिला उपाध्यक्ष अब्दुल जब्बार ने कहा कि मौजूदा सरकार में अल्पसंख्यक समुदाय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। वहीं जिला महासचिव वशिष्ठ मोदनवाल ने व्यापारियों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नए नियमों के कारण व्यापारी वर्ग परेशान है और मध्यम वर्ग के कारोबार पर इसका असर पड़ रहा है।
बैठक को सत्यप्रकाश मिश्र अंशु, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय, शिवशंकर सिंह, पन्नालाल पाठक, शमशुल आजम, साहिल और दीपक पटेल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया।

