संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आपराधिक अभिलेखों के नियमानुसार रख-रखाव और अद्यतन करने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के दो मृत हिस्ट्रीशीटरों के हिस्ट्रीशीट खाके नियमानुसार जलाकर नष्ट किए गए।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि एचएस नंबर 8ए अजीजुल्लाह उर्फ जुल्लाह पुत्र अनीमुल्लाह, निवासी पठान टोला, कोतवाली खलीलाबाद तथा एचएस नंबर 125ए जमील अहमद पुत्र नियाज अंसारी, निवासी रामपुर छपिया, कोतवाली खलीलाबाद की मृत्यु हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुपालन में दोनों के हिस्ट्रीशीट खाकों को नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दुबे की मौजूदगी में प्रधान लेखक बृजेश यादव ने थाना परिसर स्थित कार्यालय के सामने दोनों हिस्ट्रीशीट खाकों को नियमानुसार जलाकर नष्ट किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई के साथ संबंधित हिस्ट्रीशीट अभिलेखों के नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। पुलिस द्वारा आपराधिक अभिलेखों को अद्यतन रखने और निर्धारित नियमों के तहत अभिलेखीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

