सोनभद्र। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सोनभद्र और बिहार के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रायपुर विजय कुमार चौरसिया की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक थाना रायपुर में दर्ज मु0अ0सं0 128/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त निजामुद्दीन अंसारी पुत्र इमामुद्दीन अंसारी, निवासी ग्राम टोड़ी, थाना भगवानपुर, जनपद कैमूर-भभुआ, बिहार लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव टोड़ी स्थित निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना रायपुर के अलावा सोनभद्र और बिहार के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।

