घाटमपुर। जिस आंगन में कभी बेटियों की किलकारियां और परिवार की चहल-पहल सुनाई देती थी, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा है। कानपुर नगर के साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार को दो मंजिला कच्चा मकान भरभराकर गिरने से गृहस्वामी मुकेश सिंह और उनकी तीन बेटियों की मौत हो गई। हादसे में एक बेटी काजल गंभीर रूप से घायल हुई, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर सोमवार देर रात करीब दो बजे मुकेश सिंह और उनकी तीनों बेटियों के शव गांव पहुंचे। एक साथ चार शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। रात से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे। हर किसी की आंखें नम थीं।
अचानक भरभराकर गिर गया दो मंजिला मकान
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हिरनी गांव में मुकेश सिंह का दो मंजिला कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान के मलबे में गृहस्वामी मुकेश सिंह और उनकी चार बेटियां दब गईं।
मकान गिरने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिना देर किए अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
मलबे से मुकेश सिंह और उनकी बेटियों माया, पल्लवी और नीतू को बाहर निकाला गया। सभी को पतारा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में घायल काजल को भी ग्रामीणों ने मलबे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
खुशियों का घर कुछ ही पलों में बना मलबे का ढेर
रविवार की सुबह तक जिस घर में परिवार की चहल-पहल थी, कुछ ही पलों में वह मलबे के ढेर में बदल गया। हादसे के बाद घर का दृश्य बेहद मार्मिक था।
जिस आंगन में कभी बेटियों की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब चार अपनों को खोने का दर्द है। एक साथ पिता और तीन बेटियों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आसपास के ग्रामीण भी परिवार को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में मौके पर जुटे रहे।
हिरनी गांव में इस हादसे ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। मलबे में तब्दील हुआ मकान अब उस परिवार की उजड़ी खुशियों और एक दर्दनाक हादसे की कहानी बयां कर रहा है।

