सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

औरैया। तहसील बिधूना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को अधिकारी गंभीरता से लें और आवश्यकता पड़ने पर मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनते हुए निष्पक्ष तरीके से समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शासन की मंशा के अनुरूप अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।

विद्यालय में अनियमितता की शिकायत पर जांच के निर्देश

समाधान दिवस में ग्राम पंचायत बराहार के ग्राम प्रधान राम कुमार ने प्राथमिक विद्यालय बराहार में शिक्षा समिति के अध्यक्ष को कथित तौर पर बिना सहमति हटाकर नए अध्यक्ष के चयन तथा भोजनमाता के चयन और हटाने में अनियमितता की शिकायत की। उन्होंने प्रधानाध्यापक पर मनमाने ढंग से कार्य करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर पूरे प्रकरण की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भूमि पर कब्जे और हैंडपंप पर अतिक्रमण की शिकायत

ग्राम पूर्वावर निवासी अवधेश कुमार ने गाटा संख्या 2054 पर अवैध कब्जे की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष द्वारा भूमि पर कब्जा करने के साथ ही सरकारी हैंडपंप पर भी अतिक्रमण किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बिधूना को मौके पर जांच कर भूमि को कब्जामुक्त कराने और नियमानुसार विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, ग्राम पूर्वानया निवासी सुरेन्द्र कुमार ने मौजा पूर्वा तमई स्थित गाटा संख्या 447 और 448 की मेड़बंदी में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि सही नक्शे के आधार पर मेड़बंदी नहीं होने से उनकी करीब दो बीघा भूमि कम हो गई है। जिलाधिकारी ने एसडीएम बिधूना को राजस्व टीम गठित कर पैमाइश कराने और स्थलीय जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

132 शिकायतें पहुंचीं, 11 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 132 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिधूना कमल कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी सी.पी. सिंह, तहसीलदार बिधूना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles