जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कानपुर या झांसी से ट्रेन पकड़ने की मजबूरी से निजात दिलाने की मांग
घाटमपुर/हमीरपुर। जनपद मुख्यालय हमीरपुर से मध्य प्रदेश के मैहर स्थित मां शारदा देवी धाम, नई दिल्ली और जम्मू तवी तक सीधी रेल सेवा शुरू किए जाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में उदय नारायण एडवोकेट, पूर्व वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य जिला अधिवक्ता संघ हमीरपुर, कपिल देव सिंह, सदस्य सलाहकार समिति हमीरपुर रोड रेलवे स्टेशन सहित अन्य अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन रेल मंत्री, रेलवे भवन नई दिल्ली, साध्वी निरंजन ज्योति, राष्ट्रीय अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग नई दिल्ली, अध्यक्ष रेलवे बोर्ड, रेलवे मंत्रालय नई दिल्ली, महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज तथा महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के नाम संबोधित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि हमीरपुर जनपद मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्र से मैहर, नई दिल्ली और जम्मू तवी के लिए सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इसके कारण आम यात्रियों के साथ व्यापार, शिक्षा तथा पर्यटन एवं धार्मिक यात्रा से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों को दिल्ली और जम्मू की ओर जाने के लिए कानपुर अथवा झांसी जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे यात्रियों का अतिरिक्त समय और धन खर्च होता है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मैहर स्थित मां शारदा माता धाम से सतना, चित्रकूट, अतर्रा, बांदा, रागौल, भरुआ सुमेरपुर, हमीरपुर रोड, घाटमपुर और कानपुर होते हुए नई दिल्ली तथा आगे जम्मू तवी तक नई ट्रेन का संचालन किया जाए। महत्वपूर्ण धार्मिक, पर्यटन एवं प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ठहराव दिए जाने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन देने वालों का कहना है कि इस रेल सेवा के शुरू होने से हमीरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली, जम्मू और मैहर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

