पीलीभीत/अमरिया। थाना अमरिया क्षेत्र के बांसखेड़ा गांव में रविवार को एक बंद मकान से करीब 65 वर्षीय महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बांसखेड़ा निवासी बानो पत्नी जमालुद्दीन काफी समय से घर में अकेली रह रही थीं। उनके पति जमालुद्दीन की करीब 10 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वहीं उनके बेटे ताजुद्दीन की करीब पांच वर्ष पहले सितारगंज में सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी।
रविवार को बानो की बेटी ने पड़ोसियों को फोन कर बताया कि वह अपनी मां से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फोन नहीं लग रहा है। इसके बाद पड़ोसी उनके घर पहुंचे। मकान बाहर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी दौरान मकान से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अमरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। जांच के बाद बंद कमरे को खुलवाकर महिला के शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

