कदौरा। कदौरा क्षेत्र के ग्राम अभिरुवा में सोमवार को पितृपक्ष के समापन अवसर पर आठ दंपतियों ने विधि-विधान के साथ पिंडदान और तर्पण कर अपने पितरों का स्मरण किया। इस दौरान अभिरुवा गांव के समीप पिपरिया डेरा स्थित यमुना तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पिंडदान एवं तर्पण की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न कराई। श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की आत्मा की शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और कुल की मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की।
पितृपक्ष के समापन पर कई स्थानों पर ब्राह्मण भोज और कन्या भोज का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों को दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पितृपक्ष में श्रद्धालु अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए तर्पण, श्राद्ध और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। मान्यता है कि इस दौरान पूर्वजों का स्मरण और तर्पण करने से पितरों का आशीर्वाद परिवार पर बना रहता है।

