संतकबीरनगर। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को मेंहदावल स्थित प्रेमा एजुकेशन अकादमी में भूकंप जैसी आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर वृहद मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान छात्रों एवं विद्यालय स्टाफ को आपदा की स्थिति में बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन टीम ने भूकंप आने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुंचें तथा घायलों को प्राथमिक उपचार देने का लाइव प्रदर्शन किया। छात्रों को ड्रॉप, कवर, होल्ड तकनीक, आपातकालीन निकास और राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला आपदा विशेषज्ञ, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और सैकड़ों छात्र मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि नियमित मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलता है, जिससे संभावित जनहानि को कम करने में मदद मिल सकती है।

