संतकबीरनगर। गंगा देवी एजुकेशनल ग्रुप द्वारा संचालित गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पीजी कॉलेज एवं उदया इंटरनेशनल स्कूल, भुजैनी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मिशन शक्ति (नारी सशक्तिकरण अभियान) एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव कुमार त्यागी, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महाविद्यालय के प्रबंधक उदय राज तिवारी ने अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डीआईजी संजीव कुमार त्यागी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 या 112 पर संपर्क करने की अपील की।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें निडर होकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रबंधक उदय राज तिवारी ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं में सुरक्षा के प्रति सजगता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान दोनों शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को विभिन्न उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में उदया इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य बसंत कुमार सेनापति ने अतिथियों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दोनों संस्थानों के शिक्षक, पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

