मिश्रिख/सीतापुर। मानदेय बढ़ाने और कैशलेस इलाज की सुविधा समेत विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने सोमवार को जनपद स्तरीय बैठक के बाद मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन ग्राम रोजगार सेवक संगठन के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार शुक्ला के नेतृत्व में दिया गया।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार शुक्ला ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले करीब 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मनरेगा, जी-राम जी समेत ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को धरातल पर लागू कराने में रोजगार सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी जायज मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रोजगार सेवकों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। इस दौरान संगठन की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपा गया।
ये हैं प्रमुख मांगें
- 4 अक्टूबर 2021 को प्रधानमंत्री द्वारा ग्राम रोजगार सेवकों के हित में की गई घोषणाओं को लागू किया जाए।
- ग्राम रोजगार सेवकों को कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जाए।
- ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।
- मृतक ग्राम रोजगार सेवकों के परिजनों को नौकरी प्रदान की जाए।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक रामकृष्ण भार्गव ने रोजगार सेवकों को उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और शासन स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुकुल दीक्षित, श्रवण कुमार, अनूप अवस्थी, चंद्र प्रकाश बाजपेई, पवन गुप्ता, सुनील सिंह, अतुल सिंह, विनोद, मुजीब अली, संजय वर्मा, शिल्पी, सुशील, कुलदीप, हरिशंकर, रामजी रस्तोगी, सावित्री, तोशी, रामजीवन, पूनम, सुनील, राजेश सिंह, मोहम्मद हारुन सिद्दीकी, पुत्तीलाल सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।

