प्लास्टिक मुक्त अभियान को मिला नया प्रतीक चिन्ह, डीएम और सीडीओ को किया गया भेट

सोनभद्र

“मेरा प्लास्टिक – मेरी जिम्मेदारी” से जुड़ेगा जनपद, सोशल मीडिया पर #प्लास्टिकमुक्तसोनभद्र की मुहिम

सोनभद्र । जनपद में प्लास्टिक मुक्त अभियान को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। अभियान को प्रतीकात्मक रूप से और प्रभावशाली बनाने के लिए विशेष प्रतीक चिन्ह तैयार किया गया है, जिसे आज जिलाधिकारी बद्री नाथ सिंह और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी को भेंट किया गया।

यह प्रतीक चिन्ह एक बोरी के रूप में तैयार किया गया है, जिस पर लिखा है – “मेरा प्लास्टिक – मेरी जिम्मेदारी” और साथ ही #प्लास्टिकमुक्तसोनभद्र जैसे सोशल मीडिया फ्रेंडली हैशटैग को भी उकेरा गया है, जिससे ऑनलाइन माध्यम से भी इस अभियान को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी नमिता शरण ने बताया कि “यह प्रतीक चिन्ह न सिर्फ एक विचार है, बल्कि व्यवहार में बदलाव लाने का प्रयास है। इसे जिले के सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भेंट किया जाएगा ताकि हर स्तर पर इसकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके”।

जिलाधिकारी बी एन सिंह ने प्रतीक चिन्ह को अभियान की “जिम्मेदारी का प्रतीक” बताते हुए कहा कि “हर घर में एक बोरी टांगकर प्लास्टिक अलग करना, एक छोटा कदम है लेकिन इसका प्रभाव बहुत बड़ा हो सकता है। प्लास्टिक को यदि सही तरीके से संग्रह कर लिया जाए तो वह न नालियों में जाएगा, न नदियों और समुद्रों में पहुंचेगा।”

मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि “यह प्रतीक चिन्ह लोगों को इस अभियान से जुड़ने की प्रेरणा देगा और यह समझाने में सहायक होगा कि प्लास्टिक की समस्या की जिम्मेदारी हमारी है।”

गौरतलब है कि इस अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों से पुरानी बोरी मांगी जा रही है ताकि उनके प्रत्यक्ष योगदान से यह प्रयास एक जनांदोलन का रूप ले सके। संग्रहित प्लास्टिक का निस्तारण किया जाएगा और कुछ हिस्सों को बेचकर ग्राम पंचायत की आय भी बढ़ाई जाएगी। अब यह साफ है कि सोनभद्र अब प्लास्टिक मुक्त होने की ओर संगठित प्रयासों के साथ अग्रसर है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles