खैराबाद (सीतापुर): ब्लॉक खैराबाद के प्राथमिक विद्यालय सरैया चौकी में स्कूल रेडिनेस एवं अभिभावक जागरूकता मेले का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापिका रुबीना बानो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा देख अभिभावकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का आरंभ विद्यालय के पुराने छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद कक्षा 1 और 2 के नन्हे बच्चों ने स्कूल चलें हम और सरकारी स्कूल में नाम लिखवाना है जैसे गीतों पर नृत्य कर नामांकन बढ़ाने का संदेश दिया। बिटिया रानी और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सेव ट्री, सेव लाइफ नृत्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। वहीं, कक्षा 5 के छात्रों ने जैसी करनी वैसी भरनी नाटक के माध्यम से सामाजिक नैतिकता का पाठ पढ़ाया।
मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे एसआरजी करुणेश ने स्कूल रेडिनेस की महत्ता बताते हुए कहा कि बच्चों को खेल-खेल में सिखाना ही बुनियादी शिक्षा का आधार है। एआरपी संजीव पटेरिया ने अभिभावकों को डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली ₹1200 की धनराशि के बारे में जानकारी दी, ताकि बच्चों की शिक्षण सामग्री समय से जुटाई जा सके। एआरपी आशुतोष और डाइट से आए अमित कुमार ने बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और स्कूल के विकास में अभिभावकों के सक्रिय सहयोग पर जोर दिया।
पूरे कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रुबीना बानो द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता में सहायक अध्यापिका अंकिता रावत, रीतम मिश्रा, और स्टाफ सदस्य शिक्षा के साथ-साथ शिक्षामित्र गीता देवी व इन्दु देवी का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रधानाध्यापिका ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



