देवरिया, 10 सितंबर। जिले में पंजीकृत बीओसीडब्ल्यू (BOCW) श्रमिकों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में स्वास्थ्य विभाग और श्रम विभाग की संयुक्त समन्वय बैठक में अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिन्हित एवं पंजीकृत बीओसीडब्ल्यू श्रमिकों तथा उनके परिवारों के करीब 38,736 परिवारों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
17 से 29 सितंबर तक लगाए जाएंगे विशेष शिविर
जिलाधिकारी ने सभी विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने 17, 21, 23, 25 और 29 सितंबर को विशेष कैंप आयोजित करने को कहा, जहां पात्र बीओसीडब्ल्यू श्रमिकों और उनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि कार्ड तैयार होने के बाद तहसील स्तर पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लाभार्थियों को वितरित कराए जाएं।
ग्राम पंचायत स्तर पर लाभार्थियों को किया जाएगा जागरूक
अधिकारियों ने बताया कि सभी विकासखंडों के खंड विकास अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों का विस्तृत डाटा उपलब्ध करा दिया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव, आशा, एएनएम, सीएचओ, पंचायत सहायक और रोजगार सेवक पात्र लाभार्थियों को मोबिलाइज करेंगे और आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग करेंगे।
हर विकासखंड में हर महीने एक हजार कार्ड बनाने का लक्ष्य
जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकासखंड में प्रतिमाह न्यूनतम एक हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। स्वास्थ्य एवं श्रम विभाग को अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए, ताकि पात्र बीओसीडब्ल्यू श्रमिकों और उनके परिवारों को अधिकतम कवरेज मिल सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त समेत स्वास्थ्य, श्रम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

