देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई क्षेत्रों में नदियां और नाले उफान पर हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के कारण सड़क यातायात बाधित हो रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार को नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
लगातार बारिश के साथ कई इलाकों में आकाशीय बिजली और तेज गर्जना भी देखने को मिल रही है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
नैनीताल-बागेश्वर-देहरादून में भारी बारिश की चेतावनी
मंगलवार को कुमाऊं मंडल के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। भीमताल में सर्वाधिक 158 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नैनीताल में 154, मुक्तेश्वर में 114, धारी में 110, मुक्तेश्वर में 97 और कोश्याकुटोली में 93 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
अन्य क्षेत्रों में झूलाघाट में 75.5, कालाढूंगी में 66.5, बेतालघाट में 61.5 और रायवाला में 60.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं देहरादून में 57, कालसी में 55, शीतलाखेत में 54.5, पाटी में 53, पंचेश्वर में 51 और हल्द्वानी में 48.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
देहरादून-हरिद्वार में बारिश से बिगड़े हालात
सोमवार रात देहरादून और हरिद्वार के कई इलाकों में भारी बारिश आफत बनकर बरसी। कई स्थानों पर 100 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने के कारण जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। निचले इलाकों में घरों और आवासीय परिसरों में पानी और मलबा घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने से कई मार्गों पर आवाजाही बाधित होने की सूचना है।
नैनीताल में 40 सड़कें बंद, झील का जलस्तर बढ़ा
नैनीताल में बीती रात से बारिश में कुछ कमी आई है, लेकिन आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। लगातार बारिश के कारण नैनी झील का जलस्तर बढ़ गया है। झील से करीब 18 इंच पानी की निकासी की गई है और निकासी द्वार पिछले 24 घंटे से खुले हुए हैं।
बारिश और भूस्खलन के कारण नैनीताल जिले में करीब 40 सड़कें बंद बताई जा रही हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग सड़क मार्गों को खोलने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
ऑरेंज अलर्ट के चलते स्कूलों में अवकाश
मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल समेत तीन जिलों में विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और नदी-नालों तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

