हमीरपुर। चिकासी थाना पुलिस ने महिला से मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 की रात मंगरौठ गांव निवासी अमित कुमार की पत्नी से एक अज्ञात व्यक्ति मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया था। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना चिकासी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में सत्यम राजपूत निवासी ग्राम खेड़ा शिलाजीत, थाना जरिया के शामिल होने की जानकारी मिली। मंगलवार को चिकासी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास से आरोपी सत्यम राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला से छीना गया मंगलसूत्र बरामद किया। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, लूट एवं आर्म्स एक्ट सहित जालौन और हमीरपुर जनपद के विभिन्न थानों में करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवम सेजवार, कांस्टेबल अभिषेक उपाध्याय और कांस्टेबल अजय शामिल रहे।

