बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर गांगनौली में इंटरचेंज और करीब 10 किलोमीटर लंबे सर्विस रोड के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय किसानों के लंबे आंदोलन के बाद इसे क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांग पूरी होने के रूप में देखा जा रहा है।
गांगनौली में इंटरचेंज की मांग को लेकर किसान लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण के दौरान यहां बनाए गए अस्थायी रास्ते को बंद नहीं करने की मांग को लेकर किसानों और संबंधित अधिकारियों के बीच भी विवाद की स्थिति बनी थी। गांगनौली अंडरपास के नीचे पिछले 151 दिनों से धरना भी चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर करीब 119 किलोमीटर लंबा है और इसके निर्माण पर लगभग 12 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। बागपत जिले में कॉरिडोर का करीब 51 किलोमीटर हिस्सा आता है। वर्तमान में जिले में काठा टोल प्लाजा, अग्रवाल मंडी और जलालपुर सहित अन्य स्थानों पर इंटरचेंज की सुविधा है।
किसान नेताओं के अनुसार, गांगनौली में इंटरचेंज और 10 किलोमीटर लंबे सर्विस रोड को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। किसान इसे अपने लंबे आंदोलन की उपलब्धि मान रहे हैं।
वहीं, NHAI के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह के अनुसार, इकोनॉमिक कॉरिडोर पर एक इंटरचेंज और 10 किलोमीटर लंबे सर्विस रोड के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि इनका निर्माण किस स्थान पर होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।



